महराजगंज। जनपद में ग्राम पंचायत प्रधान व पंचायत सदस्यों, बीडीसी के रिक्त पदों के लिए अधिसूचना प्रभावी है। इसके तहत ब्लॉक कार्यालय से मतपत्रों की बिक्री शुरू है। 19 फरवरी को मतदान व 21 को मतगणना होगी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंच स्थानीय चुनाव धनंजय दुबे ने बताया कि जिले में 79 ग्राम पंचायत सदस्य, 3 बीडीसी और 8 प्रधान पद पर चुनाव की अधिसूचना डीएम अनुनय झा के निर्देश पर जारी कि गई है। नामांकन आठ फरवरी, 10 को नामांकन पत्रों की जांच व 11 को पर्चा वापसी और इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे। चिह्न आवंटन और मतगणना कार्य ब्लॉक मुख्यालय से संपन्न कराया जाना है।
आरओ और एआरओ का प्रशिक्षण बुधवार को विकास भवन सभागार में हुआ, जिसमें चकबंदी अधिकारी अमरेश चंद, उपकृषि निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव, अनिल कुमार, केदारनाथ सहायक चकबंदी अधिकारी व प्रवीण मिश्रा ने रिजर्व निर्वाचन अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण लिया।
ब्लॉक निर्वाचन अधिकारी के रूप में पनियरा के लिए दीनानाथ, परतावल में कृषि रक्षा अधिकारी हिमाचल सोनकर, घुघली राधाकृष्ण त्रिपाठी, सदर विजय प्रकाश, मिठौरा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सिसवां बीईओ वंशीधर सिंह, निचलौल डाॅ. रमेश चंद्र, नौतनवां शीश कुमार, लक्ष्मीपुर पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, फरेंदा बीईओ सुदामा प्रसाद, बृजमनगंज जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, धानी बीईओ अगनित कुमार ने प्रशिक्षण लिया।
डीएम ने किया था निर्वाचन शून्य
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंच स्थानीय चुनाव ने बताया कि पिपराकाजी में प्रधान सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। पिछली बार यहां से नरेंद्र देव जीते थे, लेकिन शिकायत पर जांच के बाद जाति प्रमाणपत्र फर्जी मिलने से डीएम ने फरवरी 2024 में निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया था। लोहरौली-अनुसूचित जनजाति, डोमा खास-अन्य पिछड़ा वर्ग, बगहा- अनारक्षित, मोहनापुर-अनारक्षित, कवलपुर-अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, मटिहनवा-अनुसूचित जाति, कोट कम्हरिया-महिला सीट आरक्षित है।