महराजगंज। जिलाधिकारी ने सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत रम्हौली में विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में प्रधान उमेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जारी किए पत्र में कहा गया है कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर 17 दिसंबर को ग्राम पंचायत रम्हौली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से जांच की गई।
23 दिसंबर को जांच अधिकारी डीपीआरओ ने अपनी जांच आख्या प्रस्तुत की। आख्या रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानाध्यापक ने बताया कि मई 2024 से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) पर हुए व्यय के भुगतान के लिए ग्राम प्रधान की ओर से चेक पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं। इसके अलावा, स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल और इंटरलॉकिंग निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की मंजूरी मनरेगा योजना के तहत प्राप्त हुई थी, लेकिन इन कार्यों में भुगतान नहीं किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि स्कूल परिसर में यूकेलिप्टस और अन्य पौधे लगाए गए हैं, जिनके टूटने और गिरने से बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त हो रहा है।
पेड़ों की नीलामी में प्रधानाध्यापक द्वारा कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है, जबकि नायब तहसीलदार और खंड शिक्षा अधिकारी की टीम ने इस नीलामी को संपन्न कराने के लिए दो बार प्रयास किया था, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।