बकाया मूल्य का भुगतान न करने पर नोटिस
- जेएचवी सुगर मिल पर अभी भी बकाया है 28 करोड़ से अधिक का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जेएचवी सुगर मिल गड़ौरा पर अभी भी गन्ना किसानों का लगभग 28 करोड़ रुपया बकाया है, मगर जिम्मेदारों द्वारा उसके भुगतान में रुचि नहीं ली जा रही है। मिल प्रबंधन की लापरवाही को देखते हुए गन्ना विभाग ने मिल अध्यासी को फिर नोटिस जारी करते हुए शीघ्र पुराने भुगतान को समाप्त करने तथा नए भुगतान की समय सारिणी उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया गया है।
जेएचवी सुगर मिल गड़ौरा पर वित्तीय वर्ष 2017-18 में गन्ने की आपूर्ति करने वाले किसानों का अभी लगभग 1.92 करोड़ तथा वित्तीय वर्ष 2020-21 का लगभग 26.16 करोड़ रुपया बकाया है। गन्ने की आपूर्ति करने के बाद किसान अपने भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। बकाए को देखते हुए जिला प्रशासन ने मिल के जिम्मेदारों को पुराने भुगतान को समाप्त करने तथा नए भुगतान की समयसारिणी देने को कहा था, जिसके बाद भी मिल के जिम्मेदारों ने अब तक भुगतान नहीं किया। मिल द्वारा दिखाई जा रही शिथिलता को देखते हुए गन्ना विभाग ने मिल अध्यासी को एक बार फिर नोटिस भेजते हुए पुराने भुगतान को शीघ्र किए जाने तथा नए भुगतान की समयसारिणी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों को भी गड़ौरा मिल प्रबंधन द्वारा गंभीरता से न लेते हुए लापरवाही प्रदर्शित की जा रही है। मिल अध्यासी को फिर नोटिस भेजा गया है। यदि सुधार नहीं हुआ तो प्राथमिकी दर्ज कराने संबंधी कार्रवाई की जाएगी।