महराजगंज। सीएचसी फरेंदा में दोपहर 1:40 बजे के बाद ओपीडी की पर्ची नहीं काटने पर सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने सीएचसी अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।
सीएमओ ने इस मामले में तीन दिनों के भीतर जांच कर संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी किए गए पत्र के अनुसार, सोहरवलिया निवासी रिवेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की थी। उसमें यह आरोप लगाया है कि 21 जून को वह सीएचसी फरेंदा में दोपहर को इलाज के लिए गया था। वहां ओपीडी में तैनात कर्मी ने पर्ची नहीं काटी। उसने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि डॉक्टर साहब ने मना किया है कि 1:40 के बाद कोई भी ओपीडी में पर्ची न काटी जाए। इसमें शिकायतकर्ता ने तत्काल सीएमओ कार्यालय में कर्मियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन किसी से बात नहीं हो पाई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एडीएम डॉ प्रशांत कुमार से इसकी शिकायत की।
उनके दिए गए निर्देश के बाद भी संबंधित कर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब शिकायतकर्ता ने थक हार के मुख्यमंत्री जनसुनवाई के पोर्टल पर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया और मामले की जांच कर संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिया।