ठूठीबारी। भारतीय सीमा क्षेत्र से मंगलवार को एक युवक बाइक से भारी मात्रा में नेपाली करेंसी नेपाल ले जाते समय एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद किया है। वहीं तस्कर मौके भाग गया।
मुखबिर से सूचना मिली कि एक तस्कर भारी मात्रा में नेपाली नोट बाइक के अंदर छुपाकर नेपाल जाने वाले वाला है। इस पर ठूठीबारी एसएसबी बीओपी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव और पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रणव कुमार ओझा की संयुक्त टीम झरही नदी के बांध 2 पर स्थित एसएसबी पिकेट के पास वाहनों की सघन जांच करने लगी। उसी दौरान भारत से नेपाल की तरफ तेजी के साथ एक नेपाली नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार एक व्यक्ति वहां आ पहुंचा।
संदेह होने पर जवानों ने बाइक रोककर पूछताछ शुरू की। बाइक की तलाशी ली गई तो उसके टेल पैनल के अंदर से एक हजार के दो सौ और पांच सौ के छह सौ, कुल मिलाकर पांच लाख रुपये की नेपाली करेंसी बरामद हुई। इसी दौरान नोटों की तस्करी करने वाला युवक सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर नेपाल सीमा में भाग गया। इस संबंध में एसएसबी के सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि सीमा पर पांच लाख रुपये नेपाली करेंसी के साथ बाइक को बरामद कर अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थल सीमा शुल्क चौकी (कस्टम) ठूठीबारी को सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद