सीएचसी गोपाला : ऑक्सीजन प्लांट तैयार, विद्युत आपूर्ति का इंतजार
महराजगंज। सीएचसी गोपाला में कोविड के मद्देनजर व्यवस्था पूरी की गई है। यहां ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार है। लेकिन, प्लांट में विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इसके अलावा सब कुछ अपडेट है। वहीं, नौतनवां सीएचसी में भी कोविड से इलाज के पूरे इंतजाम किए गए हैं। बेड से लेकर जरूरी सामग्री व्यवस्थित की गई है। यहां कोविड मरीजों के लिए 12 बेड अपडेट किया जा चुका है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपाला में कोविड मरीजों के इलाज के लिए 50 बेड आरक्षित हैं। 49 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एवं 20 ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था है। इसके अलावा दो बेड आईसीयू है। 2 मल्टीपैरा मॉनिटर सहित कोविड की दवाएं उपलब्ध हैं। ऑक्सीजन प्लांट तैयार है सिर्फ विद्युत आपूर्ति से अभी नहीं जोड़ा गया है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरचंद विद्यासागर का कहना है कि गोपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अभी कोविड के मद्देनजर सभी सुविधाओं से लैस किया गया है। इलाज के लिए पूरी व्यवस्था है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती कर उनका बेहतर ढंग से इलाज किया जाएगा।
ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवां को कोविड सेंटर बनाया गया है। यहां आने वाले मरीजों के लिए बेड ऑक्सीजन कंसंट्रेटर ऑक्सीजन सिलिंडर आदि की व्यवस्था है। नौतनवां सीएचसी 30 बेड का है। यहां कोविड मरीजों के लिए 12 बेड तैयार किया गया है। सभी बेड पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था है। कोविड वार्ड में 31 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 12 ऑक्सीजन सिलेंडर बड़ा तथा छह छोटा ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था है। इसके अलावा ऑटो एनालाइजर भी कोविड-19 भर्ती मरीजों के लिए रखा गया है तथा आईसीयू मॉनिटर भी लगाया गया। जांच के लिए एंटीजन आरटीपीसीआर की व्यवस्था है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित राव गौतम ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर पूरा अस्पताल कोविड-19 अस्पताल के रूप में परिवर्तन कर दिया जाएगा।
बिजली का कनेक्शन है। बिजली यहां कम रहती है जिससे जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। चिह्नित सभी अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन समेत अन्य जरूरी सुविधाएं अपडेट हैं। मरीज मिलने पर त्वरित उपचार की सुविधा है। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। जांच भी तेजी से की जा रही है।
-डॉ.एके श्रीवास्तव, सीएमओ