नही मिल रही पर्ची, खेत में गन्ना फूंक रहे किसान
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के गांवों के किसान काफी इंतजार के बाद भी गन्ने की पर्ची नहीं मिलने पर खेत में ही गन्ने को आग लगाने लगे हैं। अब किसानों को आगे की खेती और लागत के नुकसान की चिंता सता रही है। क्षेत्र के गांव मिश्रौलिया के किसान मुनीर आलम ने मिल गेट पर नोटिस देख बीते मंगलवार की देर शाम को अपना एक एकड़ गन्ना खेत में ही फूंक दिया।
बताते चलें कि सिसवा चीनी मिल को गांव मिश्रौलिया, बढ़या, डोमा का गन्ना आवंटन हुआ था। कुछ दिन पहले ही आईपीएल मिल प्रबंधन द्वारा क्रय केंद्र मिश्रौलिया, बढ़या व डोमा को बंद कर दिया गया। किसानों को गन्ना मिल गेट पर ले जाने के निर्देश दिए गए। जब किसान मिल गेट पर पहुंचे तो पता चला कि मिल प्रबंधक की ओर से पर्ची बांटे जाएंगे। बाद में पता चला कि मिल प्रबंधन एक ही पर्ची जारी करेगा। साथ ही गन्ना प्रबंधन ने बताया कि मिश्रौलिया, डोमा व बढ़या का गन्ना नहीं खरीदा जाएगा। इसके लिए नोटिस मिल के बाहर लगा दिया गया हैं। इससे गुस्साए मिश्रौलिया के किसान मुनीर आलम ने अपना गन्ना खेत में फुंक दिया। किसान प्रेम नारायण पांडेय, सीतबली, जाहिद, शंभू मद्धेशिया, महेंद्र, रामाकांत, शैलेश, सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, उमा शंकर पाल का कहना है कि संबंधित अधिकारी समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।