महराजगंज। जनपद से गोरखपुर के लिए परिवहन निगम नान स्टाॅप बस सेवा प्रारंभ कर सकता है। इस पर विचार करने के लिए प्रधान कार्यालय से पत्र डिपो को प्राप्त हुआ है। इसमें पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसका परीक्षण डिपो को करने के लिए स्वतंत्र किया गया है।
परिवहन निगम इन दिनों खर्च घटाने और अधिक से अधिक आय अर्जित करने पर कार्य कर रहा है। महाकुंभ आयोजन में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को पहुंचाने की योजना के तहत सभी डिपो में विशेष तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में अब निश्चित दूरी के लिए नान स्टाॅप बस सेवा प्रारंभ करने के लिए विकल्प दिया गया है।
इसके तहत डिपो से गोरखपुर तक नान स्टाॅप बस सेवा शुरू की जा सकती है। इस बस में सिर्फ चालक ही रहेगा। इसमें सीधे गोरखपुर जाने वाले यात्री ही जा सकेंगे। उन्हें डिपो के बस स्टेशन से ही टिकट लेकर बैठना होगा। बिना परिचालक नान स्टाप सेवा काशी डिपो में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इन दिनों प्रभावी है।