फरेंदा। मतदाता पुनरीक्षण को लेकर स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी टीपी गुप्ता साख्यिकी अधिकारी कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रविवार को फरेंदा बुजुर्ग, उदितपुर तथा विशुनपुर अदरौना मतदान केंद्रों के दस बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ के अभिलेखों और कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने उपनिर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी डॉ.पंकज वर्मा, उपजिलाधिकारी रमेश कुमार, तहसीलदार कर्ण सिंह व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय प्रकाश के साथ समीक्षा बैठक करते हुए जिले के सभी विधानसभा में मतदाता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सुपरवाइजर और बीएलओ से जानकारी ली।
नोडल अधिकारी टीपी गुप्ता ने कहा कि नए मतदाताओं का ज्यादा से ज्यादा फॉर्म लिया जाए। अभी नौ दिसंबर तक विशेष पुनरीक्षण अभियान चलना है। इसके बाद भी ऑनलाइन फार्म प्राप्त किया जाएगा। 18 से 19 साल के मतदाताओं तथा जिनके नाम किसी कारण से कट गए हैं, उनको फॉर्म 6 के माध्यम से मतदाता बनाएं। मृतक तथा शिफ्टेड और डुप्लीकेट मतदाता का नाम फार्म 7 द्वारा हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में किसी न किसी व्यक्ति को डिजिटल साउंड कर दें और उनको बताएं की ऑनलाइन कैसे फॉर्म भरा जाता है। इसके अलावा उन्होंने मैं हूं ना और देश का फॉर्म नामक अभियान के बारे में बताया।