अनावश्यक बाहर निकलने वालों की खैर नहीं
महराजगंज। लॉकडाउन के दौरान जिले में सोमवार को दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर चहल पहल दिखी। जिला मुख्यालय से सरहद तक पुलिस आने-जाने वालों से पूछताछ करती रही। अनावश्यक घूमने वालों को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।
शहर में सक्सेना चौक पर पुलिस सतर्क रही। यहां लोगों से पूछताछ करने में पुलिस जुटी रही। जिले के कोल्हुई, फरेंदा, बृजमनगंज, चौक बाजार, निचलौल, घुघली, परतावल, पनियरा समेत अन्य स्थानों पर जांच करने में पुलिस जुटी रही। सीमावर्ती क्षेत्र सोनौली, ठूठीबारी, बरगदवां, परसामलिक, झुलनीपुर, लक्ष्मीपुर में एसएसबी एवं पुलिस सतर्क रही। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि लाकडाउन के नियम का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। जांच के दौरान लोगों से घरो से बाहर नहीं निकलने की अपील की जा रही है।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार लॉकडाउन के दौरान पुलिस चौराहों पर सख्ती से नियम का पालन कराती हुई नजर आई। आवश्यक सामग्रियों को छोड़ नगर की सभी दुकानें बंद रहीं। जिससे पूरे नगर में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं मेडिकल एवं आदि जरूरत से संबंधित कार्यों को लेकर आवागमन कर रहे लोगों को पूछताछ के बाद संतुष्टि होने पर ही आगे बढ़ने दिया गया। एसडीएम प्रमोद कुमार भ्रमण कर लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए लॉकडाउन का पालन कराते रहे।
सीओ लिखवा रहे नियमों का करेंगे पालन
फरेंदा। पुलिस प्रशासन कोविड गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने में जुट गया है। बिना काम के सड़कों पर घूमने वालों को पुलिस जागरूक कर रही है, लेकिन फरेंदा के सीओ सुनील दत्त दूबे लॉकडाउन के नियमों का पालन कराने का अनोखा अंदाज अपना रहें हैं। सीओ ने बताया कि लॉकडाउन के नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस अलर्ट है। वह बेवजह सड़क पर घूमने वालों को कागज पेन देकर एक पेपर पर सौ बार लिखवा रहे हैं कि अनावश्यक घर से नहीं निकलेंगे, लॉकडाउन का पालन करेेंगे।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम प्रमोद कुमार व सीओ कोमल प्रसाद मिश्र को नगर के गांधी चौक पर कुछ लोग सड़क पर बेवजह घूमते दिखे। उन्हें रोककर सामाजिक दूरी के साथ कतार में खड़ा करके बेवजह न घूमने के लिए शपथ दिलाई।