महराजगंज। धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए नगर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छह से आठ नवंबर तक नगर में भारी और वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा और आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने यह निर्णय लिया है।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के साथ चार प्रमुख स्थानों सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी पर नो-एंट्री और डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजेंगे।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि प्रतिबंध के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।