एक सप्ताह बाद भी नहीं लौटा दामाद तो सास ने अब थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
पीड़िता की मां बोली, सात दिन से बेटी पड़ी है अस्पताल में, डिस्चार्ज कराने के लिए नहीं हैं रुपये
नौतनवा। लगातार तीसरी बार बेटी होने पर व्यक्ति द्वारा पत्नी को अस्पताल में ही छोड़कर भाग जाने का मामला सामने आया है। एक सप्ताह बाद भी दामाद के नहीं लौटने पर सास ने नौतनवा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। डिस्चार्ज कराने के रुपये नहीं होने के कारण मां-बेटी अस्पताल में ही हैं।
नौतनवा थाने को दिए तहरीर में नौतनवा के बाल्मिकीनगर की रहने वाली कुसुम ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी संध्या का विवाह पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम माधवनगर टोला मुजरी निवासी सिनोद के साथ किया था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही बेटी को उसके ससुराली दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच लगातार बेटियों के जन्म लेने से दामाद और उसके परिवार के लोगों की नाराजगी और गई।
समझाने-बुझाने पर किसी तरह बेटी को घर में तो रखा लेकिन लगातार प्रताड़ित करते रहे। हाल ही में गर्भावस्था के दौरान बेटी नौतनवा मायके में आ गई। एक सप्ताह पूर्व प्रसव पीड़ा होने पर बेटी को नौतनवा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर दामाद भी पहुंचा। गत 19 अगस्त को फिर से लड़की पैदा हुई तो दामाद नाराज होकर अस्पताल से कहीं चला गया।
बेटी को अस्पताल से डिस्चार्ज कराने के लिए कई बार दामाद को फोन लगाया गया। आरोप है कि वह पैसा इकट्ठा कर वापस आने का बहाना बनाता रहा लेकिन एक सप्ताह बाद भी नहीं लौटा। महिला का कहना है कि रुपयों के अभाव में बेटी को डिस्चार्ज नहीं कराया जा सका है। ऐसे में अस्पताल का बिल भी बढ़ता जा रहा है। थक-हारकर महिला ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत नौतनवा के थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। विवाहिता के पति और ससुरालियों को थाने पर बुलाया गया है। जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।