एटीएम में कैश नहीं, यूथ कांग्रेस ने हवन-पूजन किया
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील परिसर में भारतीय स्टेट बैंक के बंद पडे़ एटीएम के सामने हवन पूजन कर सरकार को सद्बुद्धी की ईश्वर से प्रार्थना की। सभी कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। मां लक्ष्मी से अराधना किया कि एटीएम पर कृपा बरसावें जिससे उससे रकम मिले। तहसील परिसर का एटीएम हमेशा बंद रहता है। उसमें रकम नहीं रहती है।
बंद पडे़ एटीएम के सामने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पहले सरकार के विरोध में नारे लगाए। इसके बाद एटीएम के सामने ही हवन पूजन किया। मां लक्ष्मी की अराधना करते हुए कार्यकर्ताओं ने कामना किया कि एटीएम में रकम भरपूर हो जिससे जनता की समस्याओं का समाधान हो सके। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि इन दिनों कैश की परेशानी बढ़ गई है। सरकार के दावे और हकीकत में बड़ा अंतर हैं। देश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल रहा है। सभी एटीएम खाली पडे़ हैं। जनता को रकम के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं पांच सौ और दो हजार के नोट भी बाजार में कम आ रहे हैं। जनता को होने वाली समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। इस दौरान शत्रुघन, सर्वेश कुमार तिवारी, सूरज कुमार गुप्ता, सूर्य प्रताप, ऋषभ कुमार, चंद्रशेखर प्रसाद के अलावा तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।