सूचना मिलने पर गोरखपुर के गीडा से भतीजी को देखने आ रही थी बुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल टोला नगरौली निवासी एक युवती को शनिवार सुबह करीब आठ बजे सांप ने काट लिया। वह खेत की तरफ गई थी। घटना की जानकारी होने पर गीडा गोरखपुर निवासी युवती की बुआ देखने के लिए आ रही थी कि रास्ते में मार्ग दुर्घटना में उनकी भी मौत हो गईं।
नगर पंचायत परतावल के नगरौली निवासी संतोष यादव को एक बेटा तथा एक बेटी है। बड़ी बेटी काजल यादव (18) शनिवार को सुबह 8 बजे खेत की तरफ गई थी। इस दौरान उसकी मां घास काटने खेत में चली गई थी और पिता अपने काम पर चले गए थे। शौच के लिए गई काजल को सांप ने डंस लिया। वह घर पर आई, लेकिन घर पर कोई मौजूद नहीं था। देखते ही देखते जहर पूरे शरीर में फैल गया। दो घंटे बीत जाने के बाद काजल की मां घर आई तो बेटी को मृत देख उसके होश उड़ गए। वह चीखने चिल्लाने लगी। शोर सुनकर अगल बगल के लोग घर पर आ गए और फोन से इसकी सूचना संतोष को दी। वहीं इसकी सूचना जैसे ही उसकी बुआ इंद्रावती को लगी वह गोरखपुर के गीडा क्षेत्र से भतीजी को देखने आ रही थी कि रास्ते में हुए मार्ग दुर्घटना में उनकी भी मौत हो गई।
चौकी प्रभारी परतावल अनघ कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है लेकिन परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। मामले की जानकारी ली जा रही है।