सीएम का फोटो लगा बैनर फाड़ने के आरोपियों की रिहाई की कर रहे थे मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बड़हरा बरईपार में ताजिया न निकालने के फैसले के बाद फैला तनाव घंटों मान मनौव्वल के बाद खत्म हुआ। इस वजह से ताजिया तीन घंटे की देरी से उठा। ताजियादार बुधवार को जुलूस के दौरान सीएम का फोटो लगा बैनर फाड़ने के आरोप में गिरफ्तार युवकों की रिहाई की मांग पर अड़े थे। सूचना पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक बड़हरा बरईपार में बुधवार रात में सातवीं का जुलूस निकाला गया था। गांव में भीरथ की छत पर क्षेत्रीय विधायक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो लगा बैनर लगा था। जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने छत पर लगे पोस्टर को डंडे व भाला से फाड़ दिया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। श्यामदेउरवां पुलिस नौ नामजद व एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को पुलिस ने 7 युवकों को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद बड़हरा बरईपार के ताजियादारों ने नवीं की रात्रि में ताजिया गांव में घुमाने से मना कर दिया। ताजियादर इस बात पर अड़ गये कि जबतक गिरफ्तार युवकों को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक ताजिया नहीं उठेगा। उसके बाद देर रात्रि तक जिले के अधिकारी गांव में डेरा डालकर ताजियादारों के मान मनौवल में लगे रहे। भोर में लगभग 4 बजे नवमीं का जुलूस निकाला गया।
मोहर्रम के दिन भी ताजियादार उसी मुद्दे पर अड़े रहे और ताजिया कर्बला पर ले जाने से मना कर दिया। जिसके बाद सीओ सदर अजय सिंह चौहान, एसडीएम सदर दिनेश मिश्र, नायब तहसीलदार विवेकानंद दूबे, प्रभारी निरीक्षक श्यामदेउरवां सत्येन्द्र कुमार राय के साथ कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ताजियादारों से ताजिया उठाने का निवेदन करने लगी। घंटों तक चले मान मनौव्वल के बाद ताजियादार ताजिया कर्बला पर ले जाने के लिए तैयार हुए। दोपहर 3 बजे के बाद ताजियादार इकट्ठा हुए और ताजिए को धनहां स्थित कर्बला के लिए निकले।