फरेंदा। आनंदनगर कस्बे में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए नगर अध्यक्ष की मांग पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। इस बीच प्रतिबंध के बाद भी कस्बे के मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन जारी है। इसके चलते आए दिन यातायात जाम की समस्या पैदा हो रही है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कस्बे में चारो तरफ भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित सबंधी बोर्ड भी लगा दिया गया है, लेकिन भारी वाहनों का प्रवेश धड़ल्ले से हो रहा है। जिससे जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक नो इंट्री का लगा बोर्ड बेमतलब साबित हो रहा है। इससे पूरे दिन जाम की समस्या पैदा हो रही है। पुलिस भी इस मामले में कोई कार्रवाई करने से कतरा रही है। ऐसे में कस्बे के लोगों के साथ ही दूर दराज से आवागमन करने वालों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।