नौतनवा। कस्बे के वार्ड नंबर 8 मधुबन नगर वार्ड स्थित ईदगाह में पेड़ काटते समय करंट की चपेट में आने से नेपाल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, कोटही माई गांव पालिका वार्ड नंबर 7 बोगड़ी थाना मझगांवा जिला रूपनदेही नेपाल निवासी चिनक यादव (50) रविवार की सुबह करीब 11 बजे मधुबन नगर स्थित ईदगाह में पेड़ पर चढ़कर डाल काट रहा था। अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह झुलसकर नीचे गिर गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों की मदद से तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे बालकेश यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता मजदूरी करने नौतनवा आते थे। सुबह पेड़ पर चढ़कर डाल काट रहे थे, जिससे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। समिति के लोग मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की पुष्टि की। संवाद