नेपाल सीमा पर आज ठप रहेगा पैदल आवागमन
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली (महराजगंज)। नगर पंचायत चुनाव में बुधवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर सोनौली में भारत-नेपाल की सीमा दो दिन के लिए सील है। इस बीच मतदान के मद्देनजर बुधवार को सीमा पर पैदल आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है। सीमा बुधवार को मतदान के बाद मध्यरात्रि 12 बजे खुलेगी।
निकाय चुनाव में बुधवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। हालांकि विदेशी पर्यटक व मरीजों को आने-जाने में छूट दी गई है। सुरक्षा में लगे कर्मी पूरी तरह से जांच पड़ताल के बाद ही जाने की अनुमति दे रहे हैं। उधर, मतदान के मद्देनजर बुधवार को भारत-नेपाल सीमा पर पैदल आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है। सोनौली बॉर्डर को रविवार की रात दस बजे से ही प्रशासन ने सील कर दिया है। साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। मंगलवार को पर्यटकों एवं मरीजों को सघन जांच के बाद सीमा से आने-जाने दिया गया। मंगलवार से नेपाल प्रशासन ने भी भारत में हो रहे चुनाव को देखते हुए पैदल आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। आवागम रुकने से काफी संख्या में यात्री सीमावर्ती इलाके में फंसे हुए हैं। उधर, सीमा सील होने के कारण खासतौर से उन नेपाली नागरिकों को ज्यादा परेशानी हो रही है, जिनके पास परिचय पत्र अथवा इसी तरह के अन्य प्रपत्र नहीं हैं। परिचय पत्र के बगैर सीमा पर पहुंचने वाले लोगों को भारत में प्रवेश नहीं दिया गया। एसडीएम नौतनवां प्रेम प्रकाश अंजोर ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने को मुख्य मार्गों के साथ पगडंडियों पर भी पुलिस बल तैनात है।