चीन से नेपाल आने पर नेपाली दूतावास ने लगाई शर्त
नवलपरासी (नेपाल)/ महराजगंज। चीन में स्थित नेपाली दूतावास ने चीन में रह रहे नेपालियों को स्वदेश लौटने पर शर्त लगा दी है। अब उन्हें स्वदेश लौटने पर 14 से 17 दिनों तक नेपाल स्थित स्वास्थ्य जांच चौकी में रहना होगा। उसके बाद उन्हें परिजनों के पास जाने दिया जाएगा। इसकी जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता महेन्द्र प्रसाद श्रेष्ठ ने दी।
उन्होंने बताया कि चीन स्थित नेपाली दूतावास ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के मापदंड के अनुसार चीन में रह रहे नेपालियों को स्वदेश लौटने पर एक शर्त लगा दी है। जिसके तहत नेपाली नागरिकों को नेपाल स्थित स्वास्थ्य चौकी (क्वारेन्टाइन) में 14 से 17 दिन बिताना होगा। इस दौरान वे किसी के भी संपर्क में नहीं रहेंगे, जिससे कि संभावित संक्रमण से बचाव किया जा सके। चीन के हुबेई प्रांत से 180 नेपालियों को स्वदेश लाने के लिए शनिवार को नेपाल सरकार दो वायुसेना का विमान चीन भेजेगी। उसमे एक-एक चिकित्सक, दो-दो नर्स व एक पारामेडिक्स भी साथ जाएगा। वापसी में यह दोनों विमान त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रुकेंगे और सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए संदिग्ध नेपालियों को अस्पताल व सामान्य लोगों को स्वास्थ्य चेक जांच चौकी पर रखा जाएगा। उनके लिए 60 कमरे का स्वास्थ्य जांच चौकी कार्यालय बनाया गया है, जिसमें कुल 186 बेड रखे गए हैं। इनके रहने खाने पीने आदि की व्यवस्था में नेपाली सेना को लगाया जाएगा।