सोनौली। नेपाल में सरकार से वार्ता के बाद भंसार एजेंट एसोसिएशन की हड़ताल बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई। सोनौली बॉर्डर पर तीन दिन की हड़ताल के कारण भारतीय सीमा में करीब दस किलोमीटर का जाम लग गया है। चालक नेपाल जाने के लिए लाइन में लगे हैं लेकिन भंसार परिसर से गाड़ियों के नहीं निकलने के कारण जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
एजेंट एसोसिएशन का कहना है कि सरकार से वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त किया गया है। बताया गया है कि हड़ताल खत्म होने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह से गाड़ियों का नेपाल जाना शुरू हो गया है। पहले से भंसार परिसर में रुकी गाड़ियों के दोपहर बाद पास होकर निकलने से शाम 5 बजे तक भारत से नेपाल के लिए करीब 176 मालवाहक वाहन जा चुके थे। अभी भी करीब 1500 वाहन भारतीय सीमा में फंसे हैं। इन वाहनों को स्थानीय पुलिस लाइन से नेपाल भेजने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। नेपाल भंसार एजेंट संघ के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद धिमिरे ने बताया कि सभी एजेंटों ने काम शुरू कर दिया है। कोतवाल अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि भंसार परिसर में जाम होने के कारण गाड़िया कम गई हैं।