नेपाली युवतियों को बंधक बनाने के दो आरोपित गिरफ्तार
महराजगंज। पड़ोसी देश नेपाल से युवतियों को लाकर घर में बंधक बनाने के साथ आर्केस्ट्रा में डांस कराने के दो आरोपितों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि आरोपित चिकनी चुपड़ी बातें कर नेपाल से युवतियों को नंदना गांव लाते थे। यहां उन्हें कमरे में बंद कर उत्पीड़न करते थे। विरोध करने में मारापीटा जाता था। उत्पीड़न की शिकार एक नेपाली युवती ने पुलिस से शिकायत की तो पूरी कहानी सामने आ गई।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने इस मामले का बुधवार को पर्दाफाश आपने कार्यालय कक्ष में किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को पुलिस टीम को एक नेपाली युवती ने सूचना दी कि नेपाल से युवतियों को बहला-फुसलाकर ग्राम नंदना लाकर दो युवक अपने घर में बंधक बनाकर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न का रहे हैं। आर्केस्ट्रा में डांस करने के लिए मजबूर करते हैं। रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जाती। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जांच को जब आगे बढ़ाया तो हकीकत सामने आ गई। पुलिस टीम ने आरोपित इमरान एवं समसुलहक निवासी नंदना टोला मंगलपुर को मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार न्यायालय चालान किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
तीन नेपाली युवती को कराया मुक्त
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष घुघुली, महिला थानाध्यक्ष, प्रभारी स्वॉट टीम की संयुक्त टीम ग्राम रजवल पहुंची। इसके बाद टीम ने नंदना गांव में आरोपितों के घर पर छापा डाला, जहां से तीन नेपाली यवुतियों को मुक्त कराया गया। युवतियों ने दोनों आरोपितों की करतूत से पर्दा हटाया। युवतियों ने पुलिस को बताया कि दबाव बनाकर आर्केस्ट्रा में डांस कराया जाता था। उसके एवज में रकम नहीं दी जाती थी। बेहतर ढंग से भोजन भी नहीं मिलता था।