महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज में विकास कार्यों की लेट लतीफी वार्ड वासियों की परेशानी बढ़ रही है। निर्माण कार्यों में मानक की अनदेखी से लोगों में आक्रोश है। गांधीनगर वार्ड में पिछले एक सप्ताह से बन रही इंटरलाकिंग सडक से मोहल्लावासियों को दिक्कत हो रही है। किनारे की दीवार ही अब तक बन सकी है।
इफको सेंटर के बगल से मोहल्ले में जाने वाली सड़क पर बारिश के दिनों में जलभराव हो जाता है। ऊंचाई कम होने व सड़क जर्जर होने के कारण पानी खिसकने के बाद भी सड़क फिसलन युक्त लंबे समय तक बनी रहती थी। इससे गुजरने वाले पैदल और दोपहिया चालक फिसल कर गिरते रहते थे। समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने लगभग 150 मीटर तक सड़क का तल ऊंचा करते हुए इंटरलाकिंग सड़क निर्माण की मंजूरी दी। पानी निकलता रहे इसके लिए सड़क के दोनों तरफ नालियों का निर्माण हुआ है। सड़क उबड़-खाबड़ पड़ी हुई है जिससे लोगों को आने जाने में असुविधा हो रही है। पशुपतिनाथ गुप्ता ने बताया कि दोयम ईंट और मसाले से इसका निर्माण हो रहा है। विभागीय जेई से शिकायत कर चुके हैं कि मानक अनुरूप समय से काम नहीं हो रहा है, लेकिन कोई सुनने वाली नहीं है।
अवर अभियंता देवानंद ने बताया कि सडक निर्माण में मानक का ख्याल रखा जा रहा है। निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।