11 वीं व 12 वीं के लिए स्वयं पोर्टल पर फ्री ऑनलाइन कोर्स
278 स्कूल विद्यार्थियों के लिए शुरू किया नवाचार
महराजगंज। एनसीईआरटी ने विद्यार्थियों के डिजिटल शिक्षा की राह आसान करने का प्रयास शुरू किया है। जिले में 278 स्कूलों के कक्षा 11वीं और 12वीं विद्यार्थी स्वयं प्लेटफॉर्म पर फ्री ऑनलाइन कोर्स कर सकते हैं। इस संबंध में डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश पत्र जारी किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर तैयारी कर सकें इसके लिए एनसीईआरटी आरटी ने फ्री ऑनलाइन कोर्स का प्रावधान शुरू किया है। इसका लाभ 278 स्कूलों के लगभग 50 हजार से अधिक विद्यार्थी ले सकते हैं। राजकीय माध्यमिक बरवाराजा के प्रवक्ता रामजी प्रसाद ने बताया कि पाठ्यक्रम में अकाउंटेंसी, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, जियोग्राफी, फिजिक्स, मैथ्स, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, बिजनेस स्टडीज और इंग्लिश जैसे 11 विषय शामिल हैं। कोर्स अवधि 21 सप्ताह निर्धारित है, जिससे विद्यार्थी अपनी सुविधा और समय के मुताबिक पढ़ाई कर सकें।
प्रयोग आधारित शिक्षा को बढ़ावा
राजकीय माध्यमिक सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल कुमार यादव ने बताया कि इस नवाचार के जरिये विद्यार्थियों को इंटरैक्टिव लर्निंग (प्रयोग आधारित शिक्षा) सुविधा मिलेगी। ऑनलाइन कोर्सेज में छात्रों को वीडियो लेक्चर, डिस्कशन फोरम, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, क्विज़ और सेल्फ-असेसमेंट टेस्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे नियमित स्कूल पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थी तैयारी भी कर सकेंगे। कोर्स पूरा करने और अंतिम मूल्यांकन में सफल होने वालों को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। यह सर्टिफिकेट अकादमिक प्रोफाइल को मजबूत बनाने में मदद करेगा।
वर्जन
एनसीईआरटी के स्वयं प्लेटफॉर्म की खासियत यह है कि विद्यार्थी कभी भी और कहीं से भी पढ़ाई कर सकते हैं। यह सुविधा खासतौर पर उन छात्रों के लिए फायदेमंद होगी, जो सेल्फ-लर्निंग और डिजिटल एजुकेशन को प्राथमिकता देते हैं। सभी स्कूल प्रधानाचार्य को इस बावत पत्र भेजे गए हैं।
- प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस, महराजगंज