कैंप कमांडेंट ने रक्तदान को महादान बताते हुए की सराहना
फरेंदा। यूपी एनसीसी बटालियन, गोरखपुर के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में कैडेट्स ने रक्तदान किया। शिविर में जिले के 11 कॉलेजों के कैडेट्स के साथ-साथ थल सेना कैंप के कैडेट्स ने भाग लिया।
रक्तदान शिविर में सूबेदार अंगद कुमार, सूबेदार सुमेर सिंह एवं सूबेदार आजाद खालिद सहित अनेक कैडेट्स ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कमांडेंट कर्नल जयशंकर चौधरी ने रक्तदान करने वाले सभी कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। इससे दूसरे की जान बचाने में मदद मिलती है। एनसीसी कैडेट्स समाज सेवा के इस पुनीत कार्य से न केवल मानवता की सेवा कर रहे हैं बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा भी बन रहे हैं।
प्रशिक्षण में कैडेट्स को ड्रिल एवं शारीरिक प्रशिक्षण कराया गया। इसके पश्चात कैडेट्स को एसएलआर 7.62 राइफल, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, मैप रीडिंग एवं शस्त्र संचालन का प्रशिक्षण दिया। एएनओ लेफ्टिनेंट हेमंत कुमार, सेकंड ऑफिसर राजवीर सिंह, राकेश साहनी, करुणेश पति त्रिपाठी एवं लेफ्टिनेंट विवेक कुमार सिंह ने कैडेट्स को नेतृत्व विकास एवं एनसीसी के संगठनात्मक ढांचे पर कक्षा ली। कैडेट्स को शस्त्र प्रशिक्षण भी दिया गया।