5.35 करोड़ से नाबार्ड बनवाएगा तीन सड़कें
महराजगंज। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने जिले में आमजन की राह को सुगम बनाने के लिए तीन सड़कों के निर्माण की योजना बनाई है। सड़क निर्माण पर कुल 5.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की बदहाली से ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। बरसात में कीचड़ से सनी सड़क पर राहगीरों को दुश्वारियां उठानी पड़ती है। सड़क की मरम्मत की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। नाबार्ड की ओर से इस वर्ष बीएमसीटी से रसूलपूर होते हुए चंदनचाफी, निचलौल पड़री मार्ग के लक्ष्मीपुर एकडंगा से जगतबाबू टोला संपर्क मार्ग एवं बागापार-अराजी सुबाईन मार्ग से शिवपुर टोला संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। चंदनचाफी के रहने वाले अर्जुन मौर्या ने कहा कि सड़क के बदहाल होने से हरपुर व परतावल जाने में परेशानी होती है। श्रवण पासवान ने कहा कि सड़कों का निर्माण यदि बरसात से पूर्व हो गया तो न सिर्फ समस्याएं दूर होंगी बल्कि उस पर आवागमन सुविधा भी बेहतर हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि नाबार्ड की सहायता से जिले की तीन सड़कों की बदहाली को दूर की जाएगी। इसकी मंजूरी मिल गई है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
कुल आठ किलोमीटर बनेगी सड़क
नाबार्ड की ओर से जिन तीन सड़कों का निर्माण कराया जाना है उसमें पनियरा क्षेत्र में बस्ती-मेंहदावल-कप्तानगंज-तमकुही (बीएमसीटी) मार्ग के किलोमीटर 90 से रसूलपुर होते हुए चंदनपुर चाफी टोला मार्ग पर लगभग 2.98 करोड़ की लागत से साढ़े चार किलोमीटर, सदर क्षेत्र के निचलौल-पड़री मार्ग पर स्थित लक्ष्मीपुर एकडंगा मार्ग से जगतबाबू टोला संपर्क मार्ग पर 1.35 करोड़ की लागत से लगभग दो किलोमीटर तथा बागापार-अराजी सुबाईन मार्ग के किलोमीटर 10 से शिवपुर टोला संपर्क मार्ग पर 1.11 करोड़ से लगभग 1.6 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा।