16 जुलाई के कार्यक्रम के लिए सौंपा आवेदन, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप
कार्यकर्ताओं की भीड़ से डीएम कार्यालय में बढ़ी हलचल, पुलिस पहुंची सीओ बोले- नियमानुसार होगा निर्णय
महराजगंज। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री मुकेश साहनी शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. प्रशांत कुमार से मुलाकात कर 16 जुलाई को प्रस्तावित पार्टी कार्यक्रम की अनुमति देने की मांग की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति नहीं देकर प्रशासन ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है।
मुकेश साहनी ने कहा कि उनकी पार्टी पिछले दो दिनों से जिले में कार्यक्रम की तैयारी कर रही थी। उनका दावा है कि 10 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजित नहीं हो सका। अब 16 जुलाई को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दोबारा आवेदन दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन निष्पक्षता के साथ अनुमति प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात जनता तक पहुंचाने का अधिकार है। यदि बिना स्पष्ट कारण राजनीतिक कार्यक्रमों की अनुमति रोकी जाती है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने प्रशासन से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।
मुकेश साहनी के साथ वीआईपी के जिलाध्यक्ष दीनानाथ साहनी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी डीएम कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए परिसर में गहमागहमी का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर नजर रखी। हालांकि किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि पहले प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, इसलिए कार्यक्रम आयोजित नहीं होने दिया गया। अब 16 जुलाई के कार्यक्रम के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। जिला प्रशासन नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लेगा।