निचलौल क्षेत्र के झुलनीपुर-खड्डा नहर मार्ग पर हुआ हादसा, परिवार में मची चीख-पुकार
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्रामसभा बढ़या के पास रविवार देर शाम कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब आठ बजे झुलनीपुर-खड्डा नहर मार्ग पर बढ़या गांव के समीप कार और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक हृदेश (19) पुत्र जुगुल निवासी गिरहिया, थाना निचलौल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को सीएचसी निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर नहर किनारे गड्ढे में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन में आठ लोग सवार थे, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार को चिह्नित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।