सिंदुरिया। क्षेत्र के बड़हरामीर में एक माह पहले मोटर जल गया था, लेकिन अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया। लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। लोग शुद्ध पानी के लिए परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा में दो टोला है। वर्ष 2019 में 1 करोड़ 40 लाख 55 हजार रुपये की लागत से 175 किलोलीटर की क्षमता का ओवरहेड टैंक स्थापित किया गया था। पेयजल के अभाव में करोड़ों रुपये की लागत से बनी टंकी बेमतलब साबित हो रही है। यहां एक महीने से जलापूर्ति नहीं हो रही है। सात हजार की आबादी वाले इस गांव के लोगों को समस्या हो रही है।
पूर्व प्रधान राजू मिश्रा का कहना है कि एक महीने से जलापूर्ति नहीं हो रही है, इससे समस्या हो रही है। ग्रामीण रामबचन यादव, भरत मुनि मिश्र, प्रदीप गुप्ता, श्रीपति चौबे, दिनेश, रामदेव, जितेंद्र, रविकुमार, रामाश्रय, कपिल देव राजभर, संतोष, कृपाल, रामहरख, शंकर आदि ने बताया कि जलापूर्ति बाधित होने से पेयजल की समस्या हो रही है।
कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन अधिकारी इस समस्या के निराकरण पर गंभीर नहीं हैं। जल निगम के सहायक अभियंता महेश चंद्र आजाद ने बताया कि ग्राम सभा को हैंडओवर कर दिया गया है। इसका रखरखाव व संचालन ग्राम सभा की ओर से किया जा रहा है।