नगर पंचायत चौक के एक वार्ड में शनिवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब तीन बच्चों की मां प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। चौक थाने में घंटों चली पंचायत के दौरान पति बच्चों की दुहाई देकर पत्नी को समझाता रहा लेकिन महिला पीछे हटने को तैयार नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, महिला कुछ दिन पहले अपने तीन बच्चों को छोड़कर घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। पत्नी के अचानक लापता होने से परेशान पति सुधीर चौधरी ने दो अगस्त को चौक थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला के प्रेमी के साथ रहने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने महिला को ढूंढ निकाला लिया।
शनिवार को महिला को चौक थाने लाकर उसके पति और परिजनों के सामने समझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान घंटों पंचायत चली। पति बार-बार अपने तीनों मासूम बच्चों की ओर देखते हुए पत्नी से घर लौटने की गुहार लगाता रहा लेकिन महिला प्रेमी के साथ रहने के अपने फैसले पर अड़ी रही।
थाने में मौजूद लोगों के मुताबिक महिला ने साफ तौर पर पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। पत्नी के इस फैसले से पति के सामने एक ओर परिवार टूटने का संकट खड़ा हो गया, तो दूसरी ओर तीन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए।
थानाध्यक्ष चौक मनीष पटेल ने बताया कि पति सुधीर चौधरी ने दो अगस्त को पत्नी के घर से लापता होने की सूचना दी थी। मामले में तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर महिला को ढूंढ निकाला गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को उसके पति के सुपुर्द किया गया था। लेकिन वो पति के सामने ही अपने प्रेमी के साथ चली गई।