पत्नी से कहासुनी के बाद उपनगर कोल्हुई बाजार के सोनारी गली निवासी दिनेश प्रजापति (35) का बृहस्पतिवार की देर रात फंदे से लटका शव मिला। सूचना पर शुक्रवार सुबह में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, दिनेश बृहस्पतिवार की देर रात नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसको लेकर पत्नी से उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद दिनेश अपने कमरे में चला गया और पत्नी तीनों बच्चों के साथ छत पर सोने चली गई। सुबह बच्चे पिता को जगाने के लिए गए।
काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में साड़ी के फंदे से लटकती दिनेश की लाश देखकर परिजन के होश उड़ गए। इसके बाद परिजन ने शव को नीचे उतारा और तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। इस बाबत एसओ कोल्हुई गौरव सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
शराब पीने को लेकर पत्नी से अक्सर होता था विवाद
परिजन के अनुसार दिनेश को शराब पीने की आदत थी। पत्नी अक्सर उसे शराब छोड़ने और बच्चों के भविष्य को लेकर समझाती थी। साथ ही इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। बृहस्पतिवार की रात में भी दिनेश की पत्नी से कहासुनी हुई।
इसके बाद दिनेश ने आत्मघाती फैसला ले लिया। दिनेश के परिजन में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे हैं। तीनों बच्चे नाबालिग हैं। घटना के बाद से दिनेश के पिता रामअवध उसकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।