महराजगंज। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में भूगोल छात्र परिषद के तत्वावधान में “ओजोन एवं धरती का भविष्य” विषय पर मंगलवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. उमेश प्रसाद यादव, बीएड विभागाध्यक्ष ने आधुनिक जीवनशैली को ओजोन क्षरण का प्रमुख कारक बताया। उन्होंने कहा कि विकसित देशों द्वारा ओजोन को नुकसान पहुंचाने वाली गैसों का उत्पादन और विलासितापूर्ण जीवनशैली ओजोन परत को लगातार हानि पहुंचा रही है।
वैश्विक संधियों में विकसित और विकासशील देशों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैये पर चिंता जताते हुए उन्होंने सभी को ओजोन संरक्षण के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
डॉ. केआर यादव ने विषय प्रवर्तन करते हुए ओजोन, उसके विनाश और संरक्षण के उपायों पर प्रकाश डाला। छात्र-छात्राओं ने ओजोन परत पर केंद्रित एक पोस्टर प्रदर्शनी आयोजित की, जिसमें अर्चना वर्मा, रूपा, प्रियंका, खुशबू, कविता, आफरीन सहित 20 छात्राओं ने अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।