निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, पूर्व सांसद प्रवीण कुमार निषाद फरेंदा के पास इंटर कालेज उदितपुर में कार्यकर्ताओं के साथ संवैधानिक अधिकार एवं सुरक्षा महासम्मेलन व पदयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां पर कार्यकर्ताओं के संबोधन के बाद आरक्षण की बात को प्रमुखता से बताया। उसी दौरान कार्यकर्ताओं के साथ सभी लोगों ने मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की बात हो रही थी। कार्यकर्ताओं ने मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग कर रहे थे। तभी कैबिनेट मंत्री के साथ सैकड़ो कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच कर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठते ही प्रशासन महकमें में हड़कंप मच गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने का वादा किया था जो अभी तक पूरा नही है। जबकि जनगणना का कार्य शुरू हो गया है। ऐसे में अनुसूचित जाति में शामिल किया जाय जिससे समाज के लोगों को लाभ मिल सके।
हाइवे जाम की सूचना पर एसडीएम प्रेमशंकर पांडेय, सीओ नाैतनवां बसंत कुमार, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा सहित जिले के एडीएम व अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मौके पर पहुंच गए और हाइवे की जाम को समाप्त करने के लिए प्रयास करने लगे। लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांग पर अडे़ रहे। कैबिनेट मंत्री सरकार स्तर से मांगों को पूरा करने की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटा पंद्रह मिनट के जाम के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मोबाइल पर वार्ता के बाद जाम को समाप्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष से वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री के साथ बैठक करने की बात कही गई।