निचलौल। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार भले ही धान खरीद की व्यवस्था कर रही हो लेकिन नवीन मंडी समिति गड़ौरा एट निचलौल में सरकारी व्यवस्था के समानांतर निजी कारोबारियों का बाजार गर्म है। सरकारी केंद्र पर 2441-2461 तो निजी दुकानदार 1750-1800 रुपये में धान खरीद रहे हैं।
दरअसल, इस बार देर तक हुई बारिश के कारण खेतों में नमी बनी हुई है। किसानों के सामने गेहूं की बोआई का समय भी आ गया है। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी की शर्त पूरी करना किसानों के लिए चुनौती बना हुआ है। अधिकांश किसानों के पास धान सुखाने और भंडारण के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं है।
वहीं, खेती-किसानी के जरूरी खर्चों के लिए तत्काल नकदी की जरूरत के चलते किसान निजी कारोबारियों को कम कीमत पर धान बेच रहे हैं। निजी दुकानदार इसी मजबूरी का फायदा उठाकर किसानों से उपज खरीद रहे हैं। ऐसे में किसान सरकारी समर्थन मूल्य से 641 से 711 रुपये तक कम कीमत पर अपनी उपज बेचने को मजबूर हैं।
मंडी परिसर में कुल छह सरकारी धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रथम और द्वितीय केंद्र के प्रभारी सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र के करीब 150 किसानों का पंजीकरण कर उन्हें निर्धारित तिथियां आवंटित की गई हैं। किसानों से धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत तक रखने के लिए कहा गया है। अब तक करीब 400 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। संबंधित किसानों के दस्तावेज भुगतान के लिए भेज दिए गए हैं।
वहीं, तीसरे और चौथे क्रय केंद्र के प्रभारी अजीत पांडेय ने बताया कि दोनों केंद्रों पर खरीद शुरू कर दी गई है। क्षेत्र के किसानों के दस्तावेज लेकर उन्हें तिथियां आवंटित की जा रही हैं। किसानों की सुविधा को देखते हुए इस बार पूर्व की अपेक्षा अधिक केंद्र स्थापित किए गए हैं। क्षेत्र में पांच से दस किलोमीटर के दायरे में क्रय केंद्रों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसानों को उपज बेचने के लिए दूर न जाना पड़े।
निचलौल मंडी प्रथम के केंद्र प्रभारी सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि मंडी परिसर में कुछ निजी गल्ला कारोबारी किसानों को बरगलाकर कम दाम पर धान खरीद रहे हैं। ऐसे कारोबारियों को सख्त हिदायत देकर मंडी परिसर से हटवाने की कार्रवाई की जा रही है। इसकी जानकारी एसडीएम को भी दी गई है। किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य की जानकारी देकर निर्धारित क्रय केंद्रों पर ही धान बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।