बेलहिया में कस्टम बैरियर, पार्किंग के आसपास दर्जन पर बिचौलिए घूम रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
भैरहवा। नव वर्ष नजदीक आते ही सोनौली सीमा हो कर नेपाल जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। सोनौली सीमा व बेलहिया में तमाम ऐसे बिचौलिए घूम रहे हैं। जो नेपाल घूमने जाने वाले पर्यटकों से गाड़ी पास कराने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। सोनौली सीमा पार करते ही बेलहिया में कस्टम बैरियर, पार्किंग के आसपास दर्जन पर बिचौलिए घूम रहे हैं। जो भारत से नेपाल जाने वाले पर्यटकों के साथ भंसार , गाड़ी का परमिट, होटल बुकिंग पैसा एक्सचेंज कराने के नाम पर ठगी कर रहे हैं।
बिचौलिए बेलहिया में प्रवेश करने वाली पर्यटकों की गाड़ी रुकते ही इन्हें घेर कर सौदेबाजी करना शुरू कर देते हैं। बेलहिया भंसार तथा आसपास इन पर्यटकों को नेपाल जाने के बारे में जानकारी देने के लिए कोई भी जिम्मेदार मौजूद नहीं है। पर्यटकों को नेपाल में प्रवेश करते समय किन-किन कागजातों को ठीक करना है। इसकी जानकारी नहीं मिल पाती है। वाराणसी, मऊ, देवरिया, लखनऊ से आए पंकज कुमार, पिंटू सिंह, सत्येंद्र कुमार, राकेश वर्मा, अखिलेश विश्वकर्मा ने बताया कि हम लोग नेपाल घूमने जा रहे थे। जैसे ही बेलहिया भंसार कार्केयालय के पास पहुंचे तमाम दलालों ने हमें घेर लिया। भंसार के नाम पर एक-एक हजार रुपए रसीद के बाद अलग से लिए और कहे की अंदर साहब को देना पड़ता है। बिचौलिए ने मनी एक्सचेंज करने के नाम पर हम लोगों से 6 प्रतिशत के हिसाब से एक्सचेंज का पैसा अधिक लिया ।
सीमा पर बिचौलिए द्वारा अवैध वसूली के संबंध में एसपी रूपनदेही भरत बहादुर बिका का कहना है कि पर्यटकों के साथ बिचौलियों द्वारा जो अवैध वसूली की जानकारी मिली है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।