गोरखपुर। 15 और 16 मार्च को बारिश हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। बारिश से बढ़ते तापमान पर भी कुछ विराम लगेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के निचले क्षोभमंडल में आ रही आर्द्रपुरवा हवा में नमी की अधिकता के कारण प्रदेश में सुबह के समय कोहरे के साथ-साथ दिन में भी धुंध की स्थिति बन रही है। कोई मौसम तंत्र नहीं होने के कारण आगामी चार-पांच दिनों के दौरान मौसम अधिक गर्म रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 व 16 मार्च को प्रदेश के साथ ही पूर्वांचल के गोरखपुर समेत कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। अनुमान है कि 15 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 16 को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
तेजी से बढ़ रहा न्यूनतम तापमान, 21.1 डिग्री पहुंचा : इन दिनों अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है लेकिन न्यूनतम तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। मार्च के शुरुआती 10 दिन में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। मंगलवार को तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक रहा।