महराजगंज। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जमा राशि वापस दिलाने की मांग की। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया।
नेतृत्व कर रहे कृष्ण मोहन गुप्ता ने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी अधिनियम के तहत ठगी पीड़ितों को उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग कर रहा है। आरोप लगाया कि कानून बनने के बावजूद पीड़ितों को भुगतान नहीं मिल रहा है। जिले और तहसील स्तर पर भुगतान पटल स्थापित नहीं होने से बड़ी संख्या में जमाकर्ता परेशान हैं।
मांग की गई कि जिले और तहसील स्तर पर भुगतान पटल स्थापित कर विभिन्न कंपनियों, सोसायटियों, फर्मों और रियल एस्टेट परियोजनाओं में पैसा गंवाने वाले लोगों के आवेदन लिए जाएं और उनकी जमा राशि वापस दिलाने की व्यवस्था की जाए। संगठन ने अलग-अलग रिफंड पोर्टल के बजाय बड्स एक्ट के प्रावधानों के तहत भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार, दीपचंद अग्रहरी, महेंद्र, कोईल, हरीलाल, सुग्रीव, सुदामा, लीलावती देवी, दिनेश, रामबचन और गणेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।