परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की
पुलिस व फारेंसिक टीम ने की मौके की पड़ताल
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रानीपुर में शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे कथित तौर पर करंट लगने से विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मायके वालों ने मौत संदिग्ध बताया है। घटना की सूचना पर सीओ सदर व फारेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेंदुअहिया निवासी विजय चौहान की पुत्री मीना की शादी दिसंबर 2020 में इसी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रानीपुर पड़रहवा टोला निवासी कृष्णा चौहान पुत्र विशाल चौहान के साथ हुई थी। दोनों की एक तीन वर्ष की लक्ष्मी नामक बेटी भी है।
मीना के पिता विजय के अनुसार शादी के बाद से ही मीना के ससुराल वाले उसे मारते-पीटते व प्रताड़ित करते थे और मायके नहीं आने देते थे। किसी वह तरह से एक बार मायके आई थी। मामले में उस समय थाने पर पंचायत में सुलहनामा हुआ और सब तय हुआ तो दो महीने पहले ही वह अपने ससुराल गई थी। बृहस्पतिवार की शाम उसके ससुर ने फोन कर बताया कि मीना को करंट लग गया है और उसे लेकर वे एक प्राइवेट अस्पताल जा रहे हैं।
वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध लगने पर पोस्टमार्टम की मांग की। मीना का पति चेन्नई में रहकर टाइल्स लगाने का कार्य करता है। वह अभी बाहर है। इस संबंध में एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।