महराजगंज। धनतेरस और दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। त्योहार पर नए कपड़े पहनने की परंपरा के चलते कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। साड़ी, सूट और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद के परिधानों की खरीदारी कर रही हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने भी नए डिजाइन और आकर्षक कलेक्शन सजा रखे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने के साथ बिक्री में और तेजी आएगी।
मऊपाकड़ स्थित कपड़ा व्यापारी अभिषेक ने बताया कि ग्राहकों की पसंद और बजट को ध्यान में रखते हुए 500 से लेकर 10 हजार रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। त्योहार को देखते हुए नए डिजाइन की साड़ियों की मांग भी बढ़ रही है।
वहीं, दुर्गा मंदिर के पास कपड़ा व्यापारी आकाश कश्यप ने बताया कि दिवाली को लेकर हर बजट के ग्राहकों के लिए कपड़ों का कलेक्शन उपलब्ध है। उनकी दुकान पर 400 से पांच हजार रुपये तक के सूट, 500 से तीन हजार रुपये तक की जींस और 300 से 2800 रुपये तक के टॉप मिल रहे हैं। युवतियां नए डिजाइन और फैशन के कपड़ों को पसंद कर रही हैं।