महराजगंज के बीएसए ओपी यादव हटाए गए
कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के टेंडर में अनियमितता के आरोप में हुई कार्रवाई
डायट प्राचार्य रवींद्र सिंह को सौंपा गया बीएसए का अतिरिक्त प्रभार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/लखनऊ। महराजगंज के कस्तूरबा विद्यालयों में खाद्य सामग्री और दैनिक उपभोग की वस्तुओं के टेंडर में विलंब करने के आरोप में शासन ने जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव को हटा दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव आरवी सिंह ने मंगलवार को बीएसए को हटाकर लखनऊ स्थित निदेशालय से संबद्ध करने का आदेश जारी किया। उनकी जगह जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य को बीएसए पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बीएसए ओमप्रकाश यादव पर जिले के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में विलंब से टेंडर करने, उच्च न्यायालय में लंबित विवादों में शपथ पत्र दाखिल करने की कार्यवाही नहीं करने और मिड-डे मील योजना की सूचना ऑनलाइन अपलोड नहीं करने का आरोप है। उन पर ये भी आरोप है कि उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विद्यार्थियों का नामांकन नहीं किया। शासन ने बीएसए ओपी यादव को हटाते हुए मामले की जांच गोरखपुर के मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक को सौंपी है। उधर, बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव कामता प्रसाद सिंह की ओर से पत्र जारी कर डायट प्राचार्य रवींद्र सिंह को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।