ट्रेन बाधित होने से आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर मुसाफिर हलकान
मानीराम के समीप रेलवे ट्रैक धंसने से आवागमन पर पड़ा असर, गोरखपुर से आनंदनगर पहुंच रहे यात्री
32 घंटे से छह से अधिक ट्रेनों का संचालन अवरुद्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा (महराजगंज)। गोरखपुर-नौतनवां रेलखंड पर स्थित मानीराम के समीप भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक धंसने के कारण आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। लिहाजा 32 घंटों से ट्रेनों का संचालन अवरुद्ध होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेल प्रशासन की ओर से ट्रेन के संचालन के लिए जगह-जगह ट्रेनों का ठहराव कर संचालन करना पड़ा।
आनंदनगर जंक्शन पर सुबह से यात्रियों की भीड़ लगी रही। लोग अपने निश्चित स्थान पर जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मानीराम से पीपीगंज के बीच में बारिश के कारण रेलवे ट्रैक धंस गया था जिससे पैसेंजर से लेकर एक्सप्रेस गाड़ियों का संचालन पर काफी असर पड़ा। रेल प्रशासन बृहस्पतिवार से ही ट्रैक की मरम्मत में लगा हुआ है। लेकिन शुक्रवार की दोपहर तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका था जिससे इंटरसिटी एक्सप्रेस, गोरखपुर-बढ़नी डेमू स्पेशल निरस्त रही। नौतनवां दुर्ग स्पेशल (08202) व हमसफर (02572) को आनंदनगर में ही रोक दिया गया है। आनंद बिहार जाने वाले यात्रियों को आनंदनगर पहुंच कर घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। पनवेल एक्सप्रेस 05066-65 को भी आनंदनगर से वापस पनवेल भेज दिया गया है जिससे गोरखपुर में ट्रेन पकड़ने वाले काफी हलकान रहे। इसके साथ पैसेंजर ट्रेन जो नौतनवां से गोरखपुर जाती है उसको पीपीगंज रोक दिया गया। वहीं, गोंडा से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को कैंपियरगंज रोक दिया गया है। वहीं से वापस होकर गोंडा चली जाएगी। सबसे अधिक परेशानी एक्सप्रेस ट्रेनों को पकड़ने वाले यात्रियों को हुई। वह आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आवागमन की हालत जानते रहे। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक गुफरान अहमद ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर ट्रैक को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही ठीक होने की उम्मीद है। उसके बाद ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।