बीमारियों से बचाव को जिले में कई टीम गठित
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। गर्मी का आगाज होते ही स्वास्थ्य विभाग ने संक्रामक रोगों से बचाव की तैयारी तेज कर दी है। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में ब्लीचिंग पाउडर के साथ ही ग्लूकोज की बोतलें भी भेज दी गई हैं। जरूरत पड़ने पर दवाओं की कमी न हो, इसके मद्देनजर विभाग के स्टोर में भी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की तैयारी की जा रही है। जल जनित व अन्य संक्रामक रोगों से बचाव व रोकथाम के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर टीमों का गठन भी कर लिया गया है।
गर्मी के मौसम में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बराबर बनी रहती है। पानी की कमी से होने वाली बीमारियों के इलाज में ग्लूकोज की जरूरत ज्यादा पड़ती है। संक्रामक बीमारी फैलने की एक वजह दूषित जल का सेवन भी है। पानी शुद्ध करने के लिए क्लोरीन का उपयोग भी किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र के सभी सरकारी अस्पतालों में ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन की गोलियों की आपूर्ति कर दी है। विभाग के स्टोर में भी आवश्यक मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर का स्टॉक है। विभाग का दावा है कि दवाओं की कमी नहीं है। ऐसे में विभाग ने संक्रामक बीमारियों से बचाव से संबंधित दवाएं मंगाने के लिए प्राथमिकता सूची शासन को भेजी है। ताकि आवश्यक दवाएं मंगाई जा सकें।