शहर के नगरपालिका के ऑटो स्टैंडों पर अवैध वसूली की शिकायत पर मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंद्रमोहन गर्ग और ईओ नगरपालिका ने टीम के साथ छापा मारा। जहां शिकायत सही मिली। निर्धारित स्थल पर जहां स्टैंड नहीं था। वहीं, अधिक शुल्क कथित ठेकेदार के लोग वसूल रहे थे। मौके पर पहुंच कर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की टीम ने चार लोगों को दबोचा। इनमें से दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
नगरपालिका के ऑटो स्टैंडों पर गलत ढंग से वसूली की शिकायत ऑटो यूनियन और कुछ अन्य लोगों ने की थी। इन स्थितियों को संज्ञान में लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गर्ग की अगुवाई में अधिशासी अधिकारी नगरपालिका ओम प्रकाश की टीम सबसे पहले फुटहिया पहुंची। ऑटो से पहुंची इस टीम को वसूली करने वाले पहचान नहीं पाए और ऑटो रोक लिया। जब उनसे पूछताछ हुई तो वे नगरपालिका के स्टैंड की वसूली की बात बताए। दस रुपये के बजाय यहां बीस रुपये की फर्जी रसीद भी ऑटो चालक को थमा दी गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने दो लोगों को वहां धर दबोचा। कार्रवाई होते देखकर कथित ठेकेदार के अन्य गुर्गे वहां से दबे पांव फरार हो गए। इसके बाद टीम बड़े वन पहुंची, जहां कटरा चुंगी की वसूली बड़े वन में होते हुए पाई गई। इस पर भी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की टीम ने कार्रवाई की। दो लोगों को धर दबोचा। इसके बाद यह टीम अस्पताल चौराहे पर गई, जहां अवैध वसूली होते हुए पाई गई। मौके से एक युवक को दबोचा गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि ऑटो स्टैंड की गलत ढंग से वसूली के शिकायत की पुष्टि हो चुकी है। इस कार्य में लगे ठेकेदारों का अनुबंध निरस्त किया जाएगा। इनके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।