गांधी चौक से पीछा करते पुरानी नौतनवा चौराहे पर पहुंच महिलाओं की टोली को पकड़ा
महिलाओं से पूछताछ और उनके सामान की तलाशी में जुटी रही पुलिस
नौतनवा। टेंपो में बैठकर थाना ठूठीबारी क्षेत्र से नौतनवा आ रही एक महिला के गले से किसी ने सोने का मंगलसूत्र चुरा दिया। महिला और उसके नाती ने कस्बे के गांधी चौक से पुरानी नौतनवा चौराहे तक पीछा कर साथ में आई कुछ महिलाओं को पकड़ लिया और कहासुनी करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने पर ले गई।
जानकारी मुताबिक सोमवार की शाम नगर के महेंद्र नगर वार्ड की निवासी आमीना खातून पत्नी हकीमुल्लाह अपनी बहु हमजा व रेहाना और नाती मेराज और इरफान के साथ ठूठीबारी से टेंपो में बैठकर रिश्तेदारी से वापस नौतनवा अपने घर लौट रही थीं। आमीना खातून ने बताया कि उसी टेंपो में उनके साथ करीब आधा दर्जन महिलाओं की कोई अंजान टोली भी बैठी थी।
उन्होंने बताया कि टेंपो जब गांधी चौक पर पहुंची तो उनका मंगलसूत्र गले से लापता था। वहीं साथ बैठी महिलाएं आनन-फानन में तत्काल ई-रिक्शा में बैठकर आगे निकल गईं। जिनपर शक होने पर महिला के परिजन ने पीछा करते हुए उक्त ई-रिक्शा को कस्बे के पुरानी नौतनवा चौराहा पर रोक लिया। आमीना का आरोप है कि अभी वह लोग महिलाओं से पूछताछ कर ही रही थीं कि इसी बीच एक बुजुर्ग महिला मौका पाकर कहीं निकल गई। मामला बढ़ता देख उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस सभी को थाने पर ले गई। जहां खबर लिखे जाने तक महिलाओं से पूछताछ और उनके सामान आदि की तलाशी का सिलसिला चलता रहा।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि महिला का मंगलसूत्र लापता होने और कुछ महिलाओं से नोंकझोंक की सूचना पर सभी को थाने पर लाया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। संवाद