निचलौल के चिऊंटहां रोड पर संचालित था कॉलेज
2010 में बंद हो गया था कॉलेज का संचालन
महराजगंज। निचलौल में बंद चल रहे अजीजिया इस्लामिया कॉलेज के शीघ्र संचालन की उम्मीद जगी है। मौजूदा प्रबंधक आबिद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज में कुछ सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसके बाद प्रबंधन इस स्कूल को पुनः संचालित करेगा।
निचलौल में अजीजिया इस्लामिया सोसाइटी का गठन 1972 में किया गया था। स्कूल को चकबंदी विभाग से निशुल्क जमीन उपलब्ध कराया गया था। 1997-98 में सिसवां स्टेट के पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह से मिले अनुदान पर स्कूल भवन व बाउंड्री बनाई गई। इसके बाद यह कक्षा एक से 12 तक संचालित होने लगा। लेकिन संचालन के 13 वर्ष बाद 2010 में ही कुछ तकनीकी कारणों से इसका संचालन बंद हो गया।
जिस समय स्कूल बंद हुआ था उस समय इसमें 1300 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। एक अंतराल के बाद यह स्कूल फिर से संचालित होने जा रहा है। इसके लिए प्रबंधक आबिद खान ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
बढ़ी सहूलियत का प्रस्ताव कमेटी से पास
स्कूल के मौजूदा प्रबंधक आबिद ने बताया कि अजीजिया स्कूल में डिजिटल शिक्षा की व्यवस्था व बिजली के लिए सोलर आधारित व्यवस्था विकसित करने के साथ रंगाई, पुताई व मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। इन कार्यों को प्रबंधन कमेटी की स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि स्कूल का निर्माण पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह की तरफ से मिले अनुदान से मरहूम प्रबंधक मौलाना शमशुद्दीन अजीजी के समय हुआ था। स्कूल भवन व स्कूल परिसर की संपत्ति पर उनके प्रबंधन काल में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी गई और सभी संसाधनों को दुरुस्त रखा गया है। वह निजी स्तर से भी प्रयास कर रहे हैं कि नए कलेवर व नई सुविधाओं के साथ कॉलेज का संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाए।
वर्जन
अजीजिया कॉलेज को अगर प्रबंध तंत्र दोबारा शुरू कर रहा है तो यह छात्र हित में अच्छी बात है। सरकार शिक्षा को बढ़ावा दे रही इसमें सभी को सहयोग देना चाहिए। अजीजिया सोसाइटी स्थानीय छात्रों की सुविधा के लिए ही बनाई गई थी।
- प्रदीप कुमार शर्मा डीआईओएस, महराजगंज