परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हेमछापर के बिचली कोठी निवासी रामकेवल (52) शनिवार की शाम करंट लगने से बुरी तरह से घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए पीएचसी पनियरा लाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर सुनकर अस्पताल परिसर में गांव व आसपास के लोग इकट्ठा हो गये। वहीं परिजनों का रो रो के बुरा हाल है।
बताया गया कि रामकेवल घर में पंखा लगा रहे थे कि करंट के चपेट में आये। जिससे वह मौके पर ही गिर गये। घटना देख परिजन व आसपास के लोग उन्हें इलाज के लिए पीएचसी लायें। जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक खेती बाड़ी करते थे। उनके दो पुत्र संदीप व सुजीत व दो पुत्रियां निशा व मनीषा हैं। बड़ी पुत्री की शादी हो चुकी है। बाकी तीनों की अभी शादी नहीं हुई है। दोनों बेटे बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। अभी बाहर ही हैं। इस हृदय विदारक घटना से पत्नी शांति देवी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि परिजन की मांग पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।