महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता की मां ने युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की एक महिला 13 मई को पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में गई थी। घर पर उसकी नाबालिग बेटी और सास मौजूद थीं। आरोप है कि उसी रात करीब दो बजे गांव का ही एक युवक घर में घुस आया और सो रही किशोरी के बिस्तर पर पहुंचकर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी दादी मौके पर पहुंच गईं तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। पीड़िता पक्ष का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी शिकायत करने पर पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी आदित्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके गिरफ्तार करके न्यायालय चालान किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।