फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: आज श्रद्धा पूर्वक मनाई जाएगी मकर संक्रांति, मेले की होगी शुरूआत

विज्ञापन
​खिचड़ी मेले को लेकर सजा नगर पंचायत चौक का गुरु गोरक्षनाथ मंदिर।
विज्ञापन
महराजगंज/चौक बाजार। मकर संक्रांति का पर्व बृहस्पतिवार को श्रद्धा पूर्वक मनाया जाएगा। इसको लेकर दिनभर तैयारियां चलती रहीं। जनपद में पूरे एक महीने तक चलने वाले खिचड़ी मेले का शुभारंभ बुधवार हो गया। खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा भले ही देर रात शुरू हुई, लेकिन दिन में मेलार्थियों की चहलकदमी मेला क्षेत्र में बनी रही। मेले की सभी तैयारियों की छोटी मोटी गड़बड़ी दुरुस्त की जाती रही, साथ ही जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में पहुंचकर तैयारियां देखीं।
विज्ञापन

चौक नगर पंचायत का नाता नाथ संप्रदाय से जुड़ा है। यहां गुरु गोरक्षनाथ का भव्य मंदिर है जहां प्रति वर्ष एक माह तक चलने वाला खिचड़ी का मेला धार्मिक व अध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यहां न सिर्फ जनपद वासी बल्कि कुशीनगर, सिद्धार्थनगर जैसे पड़ोसी जनपदों के साथ नेपाल राष्ट्र से श्रद्धालु बाबा को खिचड़ी अर्पित करने पहुंचते हैं। पर्व के मद्देनजर इस बार नगर पंचायत की तरफ से न सिर्फ मंदिर परिसर को बिजली की लरियां व फूल मालाओं से भव्य तरीके से सजाने का काम किया है साथ ही दर्शनार्थियों को किसी तरह की असुविधा न होने पाए इसके लिए लगभग सभी इंतजाम कराए गए हैं।
बुधवार दिन में भी यहां सभी तैयारियों को पूरा करने में नगर पंचायत प्रशासन जुटा रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता देवी ने मंदिर प्रवेश द्वार सहित मेला परिसर में पहुंचकर दुकान लगाने वालों से किसी प्रकार की समस्या तो नहीं इसके बारे में पूछताछ की। कहा कि यह मेला जिले की पहचान है। ऐसे में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मेला क्षेत्र के चारों स्वागत द्वार की सजावट व पर प्रकाश व्यवस्था भी देखी। ईओ को श्रद्धालुओं की हर जरूरत का ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया।
विज्ञापन

सदर तहसीलदार पंकज शाही व एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार ने भी मेला क्षेत्र में पहुंचकर तैयारी का निरीक्षण किया। सुरक्षा में लगे आरक्षियों को निर्देशित किया कि देर रात अपनी पोजीशन शिफ्ट के अनुरूप तय कर लें जिससे किसी तरह की असुविधा खिचड़ी चढ़ाने आए श्रद्धालुओं को न होने पाए। देर शाम एडीएम डाॅ. प्रशांत कुमार ने मंदिर व मेला परिक्षेत्र के सभी इंतजाम देख संतुष्टि व्यक्त की। कहा कि खोया पाया केंद्र व थाने में स्थापित कंट्रोल रूम आपस में सामंजस्य बिठाकर लोगों की असुविधा दूर करने का प्रयास करें।
अपर जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के पास स्थित खराब बिजली ट्रांसफार्मर को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एक्सईएन विद्युत को तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। मंदिर परिसर में 24 घंटे नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
-
छावनी की तरफ से चढ़ेगी पहली खिचड़ी
- हठ योग के जनक गुरु गोरक्षनाथ को पहली खिचड़ी बृहस्पतिवार को भोर में चढ़ाई जाएगी। बाबा लक्ष्मण नाथ ने पारंपरिक वाद्य चिमटा व डफली की करतल ध्वनि के बीच बाबा को खिचड़ी अर्पित कर संपूर्ण सृष्टि के सुख, समृद्धि व शांति की कामना करेंगे। पहली खिचड़ी चढ़ते ही मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

दो दिन की संक्रांति से उहापोह
- मकर संक्रांति पर्व इस बार दो दिन पड़ने से लोगों में उहापोह की स्थिति रही क्योंकि ज्योतिष गणना के मुताबिक सूर्य मकर राशि में शाम 03:13 पर ही प्रवेश कर रहे, लेकिन एकादशी के दिन चावल न पकाने व उदया तिथि के कारण धर्माचार्यों ने बृहस्पतिवार को पर्व मनाने के लिए आमजन मानस को निर्देशित किया। खिचड़ी पकाने के साथ- साथ पर्व पर तिल, गुड़ व उड़द की खरीद भी बाजार में लोग करते दिखे।
-
मेले में भरपूर मनोरंजन व खान-पान इंतजाम-
मेला परिक्षेत्र में मनोरंजन के लिए मौत का कुआं, ब्रेक डांस, बड़ा झूला, चकरी सहित अन्य स्टालों पर मेलार्थी देखे गये। रंगीन रोशनी से सजावट मेला क्षेत्र को एक अलग स्वरूप ही देता रहा। खजले की दुकान के साथ इमरती व फास्ट फूड की दुकानों पर चाट, गोलगप्पा, मोमो, फिंगर चिप्स, बर्गर की दुकानों के अलावा चूड़ी बिंदी, एक दाम वाले सामानों की दुकान पर भीड़ अधिक दिखी।

खूब बिके पतंग के साथ देसी मांझा-
मकर संक्रांति के मौके पर पतंगबाजी का दौर भी खूब चलता है। इसके चलते जनपद मुख्यालय से लेकर पतंग, मांझा, चरखी, सद्दी धागा की बिक्री होती देखी गई। पतंग के रेट जहां पांच रुपये से 50 रुपये तक रहे वहीं देसी मांझे की भी खूब मांग रही। चरखी 20 रुपये से 75 रुपये तक तो सद्दी धागा 25 रुपये लच्छा बिका। पतंग की दुकानों पर युवाओं की भीड़ सर्वाधिक रही जो पसंद की पतंग व अन्य सामग्री खरीदते दिखे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें