लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर और नौतनवा थाना क्षेत्र के बीच एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां नदी में डूबी एक महिला के शव को लेकर दो परिवारों ने दावा कर दिया है। दोनों परिवारों का कहना है कि शव उनकी गुमशुदा परिजन का है। पुरंदरपुर और नौतनवा पुलिस जांच में जुट गई है।
10 जुलाई को नौतनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरहवा निवासिनी शारदा देवी (65) सुबह रोहिन नदी पार करते समय बहकर लापता हो गईं। परिजनों ने आस-पास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दूसरी ओर, 11 जुलाई को पुरंदरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेढ़ी निवासी रजनी देवी (60) भी उसी रोहिन नदी को पार करते समय तेज बहाव में बह गईं और उनका भी कोई पता नहीं चला।
12 जुलाई को पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के कानपुर नर्सरी के पास ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला का शव रोहिन नदी में बहता हुआ देखा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर नौतनवा थाने की पुलिस के साथ सेमरहवा गांव के प्रधान उपेंद्र यादव पहुंचे और शव की पहचान शारदा देवी के रूप में की। परिजनों ने भी शव पहचाना और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने शव शारदा के परिजनों को सौंप दिया। 12 जुलाई को ही शारदा देवी का अंतिम संस्कार सेमरहवा में कर दिया गया।
माया देवी और उनके परिजनों का कहना है कि शव उनकी सास रजनी देवी का था और अंतिम संस्कार में गलती हो गई है। दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अडिग हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरंदरपुर और नौतनवा थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सेमरहवा और टेढ़ी से तहरीर प्राप्त हुई है। मामला अत्यंत संवेदनशील है और जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शव की तस्वीरें, कपड़े और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।