महराजगंज। रक्षाबंधन में मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सक्रियता बढ़ाई है। सोमवार को मिठाइयों की खरीद करने के लिए जरूरी निर्देश लोगों को बताए गए। इस दौरान विभिन्न दुकानों से मिठाइयों की जांच के लिए नमूने संग्रहीत कराते हुए परीक्षण के लिए भेजे गए।
जिलाधिकारी व सहायक आयुक्त द्वितीय डॉ. टीआर रावत के निर्देशन ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिला मुख्यालय के आसपास के क्षेत्रों में संचालित मिठाइयों की दुकान से नमूना संग्रहीत कराया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय ने बताया कि जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर लोगों को दूषित मिठाइयों के नुकसान व पहचान का तरीका बताकर जागरूक किया गया। चिउरहा में हरिश्चंद्र मिष्ठान से खोया, छेना का नमूना लिया गया। मऊ पाकड़, चौक रोड से लड्डू, मिल्क केक का नमूना लिया गया। काॅलेज रोड की तीन दुकानों से बूंदी लड्डू व बेसन की मिठाई का नमूना लिया गया। टीम में हंसराज प्रसाद, पवन गोंड़ शामिल रहे।