सोनौली। नारायणगढ़ सड़क खंड के अंतर्गत दौउने में भूस्खलन के चलते काठमांडो जाने वाला राजमार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। नवलपरासी (बर्दाघाट सुस्ता पूर्व) के बिनई त्रिवेणी ग्रामीण नगर पालिका-2 के दौउने हिल्स में विश्वकर्मा मंदिर के पास मार्ग अवरुद्ध है।
इसके अलावा पाल्पा के सिद्धबाबा इलाके में चट्टान गिरने से सिद्धार्थ राजमार्ग भी बंद हो गया है। सोमवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के साथ ऊपरी सिद्धबाबा में तीन जगहों पर भूस्खलन और बड़ी चट्टानें गिरने से सड़क अवरुद्ध है। जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी (बर्दाघाट सुस्ता पूर्व) के पुलिस अधीक्षक यादव ढकाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सोमवार सुबह से एक तरफ खोला गया राजमार्ग दोपहर एक बजे से पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। सड़क को खोलने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन ऊपर से भूस्खलन होने के बाद अतिरिक्त समस्याएं उत्पन्न हो गईं। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन के मलबे को हटाना मुश्किल हो गया है।